सातवीं राज्य स्तरीय थांग-ता मार्शल आर्ट चैंपियनशिप का हुआ समापन, दतिया ने जीती चैंपियन ट्रॉफी

तनाव मुक्ति के लिए खेल एक सशक्त माध्यम : एसपी मयूर खंडेलवाल

सातवीं राज्य स्तरीय थांग-ता मार्शल आर्ट चैंपियनशिप का हुआ समापन, दतिया ने जीती चैंपियन ट्रॉफी

दतिया। मध्य प्रदेश थांग-ता एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय थांग-ता मार्शल आर्ट चैंपियनशिप का समापन समारोह उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि जिले के युवा पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल स्वस्थ शरीर और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं, बल्कि तनाव मुक्ति का भी सशक्त साधन है।

एसपी खंडेलवाल ने कहा कि आज हर व्यक्ति किसी न किसी कारण से तनावपूर्ण जीवनशैली जी रहा है। इससे छुटकारा पाने के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियां शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को भी दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

थांग-ता खेल के प्रति अपनी रुचि का उल्लेख करते हुए एसपी खंडेलवाल ने कहा कि पढ़ाई की तैयारी के दौरान उन्होंने मणिपुर के इस लोकप्रिय मार्शल आर्ट के बारे में पढ़ा था। उस समय इच्छा थी कि कभी मणिपुर जाकर इस खेल को देखने का अवसर मिलेगा, लेकिन आज दतिया जिले में ही इस खेल के इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को देखकर उनका मन प्रसन्न हो गया।

समारोह में पुलिस अधीक्षक का स्वागत संगठन के महासचिव शिवेंद्र परमार एवं जिला खेल अधिकारी जोसेफ बक्सला ने किया। समापन अवसर पर एसपी खंडेलवाल ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उपविजेता खिलाड़ियों को और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता के समापन पर व्यक्तिगत इवेंट्स में विजेता रहे बालक-बालिका खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं चैंपियंस ट्रॉफी में दतिया जिले की टीम ने प्रथम स्थान, भोपाल जिले ने द्वितीय तथा छिंदवाड़ा जिले की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बालक वर्ग के परिणाम

अंडर-18 बालक वर्ग के 44 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य (दतिया) प्रथम, दिनकल (छिंदवाड़ा) द्वितीय तथा आराध्य (सीहोर) और सारथी (छिंदवाड़ा) तृतीय स्थान पर रहे।

48 किलोग्राम में काव्यांश (छिंदवाड़ा) प्रथम, यासिर खान (भोपाल) द्वितीय तथा अर्पित विश्वकर्मा (छिंदवाड़ा) तृतीय रहे।

52 किलोग्राम में अनिकेत (दतिया) प्रथम, अंश (भोपाल) द्वितीय तथा अभी दांगी (राजगढ़) एवं वेद (सीहोर) तृतीय स्थान पर रहे।

56 किलोग्राम में अंश (दतिया) प्रथम, सार्थक (भोपाल) द्वितीय तथा निवेश (विदिशा) एवं पुनीत (शाजापुर) तृतीय रहे।

60 किलोग्राम में प्रभास (भोपाल) प्रथम, राज (विदिशा) द्वितीय तथा किशन (रीवा) तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 80 किलोग्राम वर्ग में आदित्य शुक्ला (छिंदवाड़ा) प्रथम और गर्व (भोपाल) द्वितीय रहे।

बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

बालिका वर्ग के 44 किलोग्राम भार वर्ग में सारा (दतिया) प्रथम, जाह्नवी (मंडला) द्वितीय तथा आसना (छिंदवाड़ा) एवं संध्या (देवास) तृतीय स्थान पर रहीं।

48 किलोग्राम में रुचि (दतिया) प्रथम, संस्कृति (मंडला) द्वितीय तथा दिव्यंका (भोपाल) तृतीय रहीं।

52 किलोग्राम में पहल परमार प्रथम, सजल (मंडला) द्वितीय तथा आलिया (भोपाल) एवं कनक (सीहोर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

55 किलोग्राम में मीनू (दतिया) प्रथम, भूमि (मंडला) द्वितीय तथा नम्रता (भोपाल) तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।