दतिया भाजपा को मिला नया जिलाध्यक्ष, मानवेंद्र सिंह परिहार की हुई ताजपोशी
दतिया। विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद जिला संगठन को भंग किए जाने के करीब डेढ़ माह बाद भारतीय जनता पार्टी ने दतिया में नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता मानवेंद्र सिंह परिहार को दतिया भाजपा का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर मानवेंद्र सिंह परिहार की नियुक्ति की घोषणा की। इससे पहले 4 अगस्त को भाजपा ने दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला कार्यकारिणी, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ और अन्य संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था।
अब मानवेंद्र सिंह परिहार के सामने दतिया में भाजपा के संगठन को नए सिरे से खड़ा करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की जिम्मेदारी होगी। नई नियुक्ति के साथ ही दतिया भाजपा में लंबे समय से चल रहे संगठनात्मक बदलाव के दौर को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

