खेल मैदान सिखाता है अनुशासन, टीम भावना और जीवन में निर्णय लेने की कला : विधायक घनश्याम सिंह
70वीं संभागीय शालेय थांग-ता प्रतियोगिता का विधायक ने किया शुभारंभ
दतिया। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारे और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया है। खेल के मैदान से मिलने वाली सीख जीवन में हमेशा काम आती है। यह बात दतिया विधायक घनश्याम सिंह ने स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित 70वीं संभागीय शालेय थांग-ता प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कही।
विधायक सिंह ने प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं और दल प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और अपने जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम आयोजन समिति द्वारा विधायक घनश्याम सिंह का पुष्पहारों से स्वागत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से आए छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष केपी यादव, पुष्पराज राजपूत, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ऋषभ राजा गुर्जर, नीरज शर्मा एवं संतोष चौबे सहित अन्य उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की ओर से सहायक संचालक मुस्कान दिनकर, जिला क्रीड़ा निरीक्षक सुनील शर्मा सहित जिले के खेल शिक्षक एवं पीटीआई मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती कविता समाधिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अमित तिवारी ने किया।

