173 लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, दतिया पुलिस ने 35 लाख रुपये के गुम मोबाइल लौटाए
दतिया पुलिस ने एक बार फिर जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए महज पांच दिनों के विशेष अभियान में 173 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाकर लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। बरामद किए गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनजीत सिंह चावला के मार्गदर्शन में 1 से 5 अगस्त 2026 तक साइबर सेल द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान CEIR पोर्टल की सहायता से विभिन्न स्थानों पर गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर उनके असली स्वामियों तक पहुंचाया गया।
मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल ने प्रत्येक आवेदक से बातचीत कर जाना कि उनका मोबाइल किन परिस्थितियों में गुम हुआ था। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह भी दी।
एसपी ने नागरिकों से अपील की कि यदि वे सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदते हैं तो पहले Sanchar Saathi ऐप या CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर की जांच अवश्य करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मोबाइल चोरी का या ब्लॉक नहीं है। उन्होंने कहा कि मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है, जिससे गुम या चोरी होने पर उसे ट्रेस करने में आसानी होती है। साथ ही मोबाइल गुम होने पर तत्काल CEIR पोर्टल, साइबर सेल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिस सेवाओं को लेकर नागरिकों से फीडबैक भी लिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने दतिया पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की जमकर सराहना की।
इस सफल अभियान में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक दिलीप समाधिया, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र परिहार, आरक्षक वीरेंद्र, बलवीर, शुभम परिहार, राहुल दांगी एवं रवि कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

