सीएम डॉ. मोहन यादव ने 33.92 लाख हितग्राहियों के खातों में 203.56 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी

सीएम डॉ. मोहन यादव ने 33.92 लाख हितग्राहियों के खातों में 203.56 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 33 लाख 92 हजार 695 हितग्राहियों के खातों में मई माह की 203 करोड़ 56 लाख रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गों, असहायों और समाज के कमजोर वर्गों का सम्मान करना हमारी संस्कृति और धर्म का हिस्सा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार की ओर से सम्मान, सुरक्षा और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, दिव्यांग, माताओं और बहनों सहित प्रत्येक जरूरतमंद नागरिक के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है। पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 80 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला जैसी योजनाओं ने जनकल्याण का नया इतिहास रचा है।

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण मिलेगा तथा ऋण चुकाने की अवधि अब 31 मार्च के बजाय ऋण लेने की तारीख से अगले 12 माह तक होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।