वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर सीएम मोहन यादव का नमन

वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर सीएम मोहन यादव का नमन

जबलपुर एयरपोर्ट का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर रखने का प्रस्ताव केंद्र को भेजेगी सरकार

जबलपुर। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने वीरांगना Rani Durgavati के 463वें बलिदान दिवस पर मंगलवार को जबलपुर के नर्रई नाला स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने रानी दुर्गावती को अदम्य साहस, पराक्रम और नारी शक्ति की प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जबलपुर में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से रानी दुर्गावती को समर्पित एक भव्य संस्थान तैयार हो रहा है, जिसका जल्द ही लोकार्पण किया जाएगा।

डॉ. यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती ने पति की मृत्यु के बाद अपने पांच वर्षीय पुत्र को सिंहासन पर बैठाकर 15 वर्षों तक गौंडवाना साम्राज्य का कुशल नेतृत्व किया और मुगलों के खिलाफ अद्वितीय साहस का परिचय दिया। उन्होंने किसानों के हित में जल संरक्षण, बीज संग्रह और फसल चक्र जैसी व्यवस्थाएं विकसित की थीं।

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सरकार द्वारा लिए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब शून्य ब्याज ऋण चुकाने की समय-सीमा को अधिक व्यावहारिक बनाया गया है तथा भूमि अधिग्रहण पर किसानों को चार गुना तक मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसान, महिला और जनजातीय कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा गौंड समाज के आराध्य देव बड़ा देव का पूजन भी किया।