राज्यसभा पहुंचने पर रजनीश अग्रवाल का सम्मान, डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दी शुभकामनाएं
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा से उनके भोपाल स्थित निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि संगठन में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाने वाले रजनीश अग्रवाल का अनुभव और समर्पण राज्यसभा में पार्टी तथा प्रदेश के हितों को प्रभावी ढंग से मजबूत करेगा।
डॉ. मिश्रा ने मां पीतांबरा से प्रार्थना करते हुए कहा कि रजनीश अग्रवाल राष्ट्रहित, जनसेवा और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करें तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरें। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक राजनीतिक विषयों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी रणनीतियों को लेकर आत्मीय चर्चा भी हुई। सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात को भाजपा संगठन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

