एएसपी मंजीत सिंह चावला का औचक निरीक्षण, थानों में मचा हड़कंप
दतिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने मंगलवार को दतिया एसडीओपी कार्यालय सहित कई थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई। एएसपी ने सबसे पहले यातायात थाने पहुंचकर परिसर का भ्रमण किया और चालानों की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद कोतवाली थाना पहुंचकर रिकॉर्ड संधारण, महिला एवं पुरुष बंदीगृह, मालखाना तथा थाना परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने थाना परिसर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने और फरियादियों के बैठने के लिए अतिरिक्त कुर्सियां उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने थाने में मौजूद फरियादियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिस सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया।
सूत्रों के अनुसार एएसपी ने दतिया अनुभाग के अन्य थानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन भी उनके साथ मौजूद रहीं औचक निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर विशेष सतर्कता देखी गई।

