उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी ने मां पीतांबरा देवी के दर्शन किए

दतिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दतिया स्थित श्री मां बगलामुखी देवी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पीतांबरा पीठ परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा कारणों से मंदिर परिसर के चारों ओर स्थित प्रवेश द्वारों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों को लगभग आधे घंटे तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। हालांकि श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन का परिचय देते हुए किसी प्रकार की आपत्ति या नाराजगी व्यक्त नहीं की। श्रद्धालु शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन कार्यक्रम के उपरांत मंदिर के द्वार पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके बाद दर्शन व्यवस्था सामान्य हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस धार्मिक दौरे को लेकर पीतांबरा पीठ और आसपास के क्षेत्र में दिनभर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।