मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने सोमवार को जिला चिकित्सालय दतिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा सेंटर, एक्स-रे विभाग, एएनसी ओपीडी, पीएनसी वार्ड, टीकाकरण कक्ष, प्रसव कक्ष, ऑब्स आईसीयू सहित विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण में ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए चिकित्सकों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने, हाउसकीपिंग कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने, पुताई कराने तथा संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रॉमा सेंटर से नवीन ओपीडी भवन तक ग्रीन शीट लगाने के लिए भी कहा गया।

ऑब्स आईसीयू में सीपेज की समस्या पाए जाने पर संबंधित फर्म को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। मरीजों एवं उनके परिजनों की बेहतर काउंसलिंग के लिए नर्सिंग अधिकारियों को प्रशिक्षण देने तथा क्रैश कार्ट एवं आवश्यक उपकरणों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए।

सीएमएचओ डॉ. वर्मा ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. के.सी. राठौर, आरएमओ, अस्पताल प्रबंधक, प्रभारी मैट्रन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।