पिता ने बेटी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दतिया जिला अस्पताल में भर्ती

पिता ने बेटी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दतिया जिला अस्पताल में भर्ती

दतिया जिले के कस्वा उनाव क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती पर उसके पिता द्वारा कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस की मदद से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दतिया में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवती की पहचान रानी दोहरे (24 वर्ष) निवासी उनाव के रूप में हुई है। बताया गया है कि युवती अक्सर बिना बताए घर से कहीं भी चली जाती थी, जिससे उसके पिता प्रकाश दोहरे (55 वर्ष) नाराज रहते थे। मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। परिजनों के अनुसार पिता द्वारा समझाने और रोकने पर युवती आक्रोशित हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

इसी दौरान गुस्से में आकर पिता ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे युवती घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना उनाव पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।