सिद्धार्थ कॉलोनी गोलीकांड में क्रॉस केस दर्ज, मृतक विशाल कुशवाह समेत छह पर एफआईआर

सिद्धार्थ कॉलोनी गोलीकांड में क्रॉस केस दर्ज, मृतक विशाल कुशवाह समेत छह पर एफआईआर

दतिया। शहर की सिद्धार्थ कॉलोनी में सोमवार रात हुई गोलीबारी और हत्या की सनसनीखेज वारदात में अब दूसरा पक्ष भी सामने आया है। थाना कोतवाली पुलिस ने घायल शिवम उर्फ गोलू तिवारी की शिकायत पर मृतक विशाल कुशवाह सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार फरियादी शिवम उर्फ शिवओम उर्फ गोलू तिवारी (28) पुत्र सुरेश तिवारी निवासी बुंदेला कॉलोनी दतिया ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 जून की रात करीब 8 बजे से 8:15 बजे के बीच सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित आनंद यादव के घर के पास आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर मां-बहन की गालियां दीं और कट्टे से फायर कर दिया। गोली लगने से गोलू घायल हो गया, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

कोतवाली पुलिस ने इस मामले में रोहित यादव निवासी खिरिया गौंडस, आनंद यादव निवासी सिमरा हाल सिद्धार्थ कॉलोनी, राजा खान निवासी दतिया तथा विशाल कुशवाहा निवासी गल्ला मंडी के पास दतिया सहित अन्य के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

गौरतलब है कि इसी गोलीकांड में विशाल कुशवाह की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर दर्ज हुए इस क्रॉस केस के बाद सिद्धार्थ कॉलोनी गोलीकांड ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।