सिद्धार्थ कॉलोनी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थ कॉलोनी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

दतिया। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धार्थ कॉलोनी में बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने थाना प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में लगातार दबिश देकर मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गौरतलब है कि पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग की घटना में विशाल कुशवाह को गोली लग गई थी। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में गोलू उर्फ शिवम तिवारी भी घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप हत्याकांड में शामिल दिव्यांग पाठक, राहुल बुंदेला और विकास शर्मा को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सिद्धार्थ कॉलोनी में हुई इस हत्या की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग की वारदात में किसकी क्या भूमिका रही।

कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्याकांड के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर मामले के शीघ्र खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।