सिद्धार्थ कॉलोनी में खूनी संघर्ष: फायरिंग में विशाल कुशवाह की मौत, शिवम तिवारी घायल
दतिया। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धार्थ कॉलोनी में बुधवार रात करीब 8:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष का युवक गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान हुई फायरिंग में विशाल कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय दतिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना के दौरान हुई जवाबी फायरिंग में दूसरे पक्ष के गोलू उर्फ शिवम तिवारी के पैर में गोली लगी, जिसका जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
पुलिस ने अभी एक पक्ष की और से मामला दर्ज कर लिया है प्रकरण में अमित तिवारी, बंटी तिवारी, गोलू उर्फ शिवम तिवारी, दिग्विजय पाठक, राहुल बुंदेला एवं विकास शर्मा को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते विवाद बढ़ा और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फायरिंग की परिस्थितियों, जवाबी गोलीबारी और दोनों पक्षों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने से सिद्धार्थ कॉलोनी सहित पूरे शहर में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के प्रबंध किए है।

