महिदपुर को 207 करोड़ की विकास सौगात, कांग्रेस पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
महिदपुर/उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन जिले के महिदपुर में 207.57 करोड़ रुपये की लागत के 19 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। इनमें सामाकोटा बैराज, उप-स्वास्थ्य केंद्र, महाविद्यालय भवन तथा स्कूल भवनों सहित विभिन्न विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महिदपुर ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने डोंगला स्थित आधुनिक ऑब्जर्वेटरी, भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जुड़े स्थलों तथा उज्जैन की वैज्ञानिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में डोंगला को स्टैंडर्ड टाइम के केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। केंद्र और राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है और आगामी वर्षों में इसे 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी और अन्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने कर्मों के कारण गर्त में जा रही है और पार्टी की कमान ऐसे लोगों के हाथों में है जो उसे आगे बढ़ाने के बजाय पीछे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व दिशाहीन नजर आ रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

