दतिया उपचुनाव की आहट तेज : 19 मई से EVM-VVPAT की जांच, राजनीतिक हलचल बढ़ी

दतिया उपचुनाव की आहट तेज : 19 मई से EVM-VVPAT की जांच, राजनीतिक हलचल बढ़ी

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव 2026 को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश द्वारा 22-दतिया विधानसभा क्षेत्र के लिए EVM एवं VVPAT मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) कराने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में उपचुनाव की तैयारियां अब खुलकर दिखाई देने लगी हैं।  निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दतिया विधानसभा क्षेत्र के 291 मतदान केंद्रों के लिए लगभग 200 प्रतिशत मशीनों की जांच की जाएगी। इसके तहत करीब 600 बैलेट यूनिट (BU), 600 कंट्रोल यूनिट (CU) और 600 वीवीपैट मशीनों की तकनीकी जांच होगी। यह प्रक्रिया 19 मई 2026 से शुरू होगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को FLC सुपरवाइजर नियुक्त करने, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, आवश्यक संसाधन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के इंजीनियरों की उपस्थिति में मशीनों की जांच की जाएगी। इधर, 19 मई को सभी राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों की बैठक भी बुलाई गई है। वहीं नगर पालिका क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा दावे-आपत्तियां लेने की प्रक्रिया 25 मई तक जारी रहेगी। राजनीतिक दृष्टि से भी दतिया सीट बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह सीट वर्तमान में रिक्त है और निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार रिक्त सीट पर छह माह के भीतर चुनाव कराना अनिवार्य होता है। इसी बीच पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े भूमि विकास बैंक धोखाधड़ी प्रकरण में दिल्ली हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 26 मई 2026 को निर्धारित है, जिस पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं। गौरतलब है कि दतिया विधानसभा सीट पर पूर्व में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा विधायक रहे हैं, लेकिन पिछला चुनाव कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने जीता था। अब संभावित उपचुनाव को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। जिले में लगातार बैठकों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों का दौर तेज होने लगा है। दतिया में प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ राजनीतिक तापमान भी लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।