सूना घर देख चोरी करने घुसे बदमाश, एक पकड़ाया – साथी कट्टा लहराकर फरार
मोहल्ले की सतर्कता से बड़ा वारदात टली, 50 हजार की चोरी
दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र की गंगा विहार कॉलोनी में सूने मकान में चोरी करने घुसे दो बदमाशों में से एक को मोहल्ले वालों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी कट्टा लहराते हुए फायर कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार गंगा विहार कॉलोनी निवासी कांग्रेस के मीडिया अशोक श्रीवास्तव पुत्र शालिग्राम श्रीवास्तव निवासी नयागांव हाल गंगा विहार कॉलोनी झांसी बाईपास अपने घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए थे। इसी दौरान देर रात दो चोर सीढ़ी लगाकर मकान में घुस गए। दरवाजे का ताला टूटा देख और अंदर खटपट की आवाज सुनकर पड़ोसियों को संदेह हुआ।
मोहल्ले के लोगों ने आपसी सूचना पर घर को चारों ओर से घेर लिया। जैसे ही दोनों चोर सीढ़ी से नीचे उतरे, लोगों ने उन्हें दबोच लिया। इस दौरान एक बदमाश ने कट्टा लहराकर फायर किया और मौके से भाग निकला, जबकि दूसरे को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आजाद गौतम के रूप में हुई है, जबकि फरार आरोपी का नाम मोंटी कमरिया बताया गया है। मोहल्ले वालों के अनुसार दोनों क्षेत्र के कुख्यात चोर बताए जा रहे हैं। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने कई अन्य चोरियों में संलिप्तता भी स्वीकार की है।
बताया गया है कि फरार बदमाश करीब 50 हजार रुपये का सामान लेकर भागने में सफल रहा। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर प्रकरण दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
मोहल्ले की सतर्कता से बड़ी चोरी की वारदात टल गई, वहीं पकड़े गए आरोपी का वीडियो भी क्षेत्र में वायरल हो रहा है, जिसमें वह चोरी की घटनाएं स्वीकार करता नजर आ रहा है।
दतिया सूना घर देख चोरी करने घुसे बदमाश, एक पकड़ाया – साथी कट्टा लहराकर फरार मोहल्ले की सतर्कता से बड़ा वारदात टली, 50 हजार की चोरी
