सामुदायिक भवन पुलिस लाइन में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
दतिया। पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा रहे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे, एसडीओपी दतिया आकांक्षा जैन तथा एसडीओपी भांडेर पूनमचंद यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला अभियोजन कार्यालय दतिया से संचिता अवस्थी ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं महिला संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध जैसे बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ आदि के संबंध में जानकारी देते हुए उनसे बचाव और कानूनी कार्रवाई के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं समाज की शक्ति हैं और आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिला पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भूमिका से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और समाज में महिलाओं से जुड़ी कई पुरानी पाबंदियां धीरे-धीरे समाप्त हो रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन महिला थाना प्रभारी मोनिका मिश्रा द्वारा किया गया। इस दौरान एसडीओपी दतिया आकांक्षा जैन ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में एडीपीओ संचिता अवस्थी, डॉक्टर श्वेता यादव, सीडब्ल्यूसी हेड एडवोकेट कल्पना राजे, सदस्य कृष्णा कुशवाह, ओएससी अधीक्षिका रीना गौतम, सोनम राजपूत (खेल विभाग) सहित महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का संदेश देना रहा।
दतिया सामुदायिक भवन पुलिस लाइन में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
