कलेक्टर ने अनाथ बच्चों के साथ मनाया ‘बाल होली उत्सव’, रंग और उपहार से खिले बच्चों के चेहरे
दतिया। होली के पावन पर्व के अवसर पर दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने शनिवार सुबह अपने निवास परिसर में अनाथ, असहाय और बेसहारा बच्चों के साथ ‘बाल होली उत्सव’ मनाया। इस दौरान रंग, फूल और उपहारों के बीच बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा माहौल उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने बच्चों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ फूलों की होली खेली। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस रंगोत्सव में भाग लिया और उनकी खिलखिलाहट से परिसर गूंज उठा।
कलेक्टर द्वारा बच्चों के लिए विशेष रूप से मिठाई, चॉकलेट और अन्य खान-पान की व्यवस्था कराई गई। साथ ही बच्चों को टी-शर्ट उपहार स्वरूप भेंट की गई, जिसे पाकर उनकी खुशी और भी बढ़ गई।
रंग, मुस्कान और अपनत्व से भरे इस आयोजन ने बच्चों के लिए होली के पर्व को खास और यादगार बना दिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की इस भावपूर्ण पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी अरविन्द्र उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

