बदमाश के ‘राजा’ बनने का शौक थाना बड़ौनी पुलिस ने किया ध्वस्त

बदमाश के ‘राजा’ बनने का शौक थाना बड़ौनी पुलिस ने किया ध्वस्त
सड़कों पर निकाला जुलूस, बदमाश बोला – “पुलिस हमारी बाप है”
दतिया। जिले के चर्चित बदमाश राजा अहिरवार को थाना बड़ौनी पुलिस ने गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी का सड़कों पर जुलूस निकालते हुए कानून का संदेश दिया। जुलूस के दौरान आरोपी पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते हुए कहता नजर आया – “पुलिस हमारी बाप है।”
जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी को राजा अहिरवार ने बसपा नेता लोकेंद्र अहिरवार का कथित रूप से अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसने दामोदर यादव और चंद्रशेखर रावण के समर्थन में नारे लगवाए तथा पीड़ित का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपनी फेसबुक आईडी से वायरल किया।
यह वही आरोपी है जिसने पूर्व में दतिया नगर में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था। उस समय भी दतिया पुलिस ने उसका जुलूस निकाला था। जेल से छूटने के एक सप्ताह बाद उसने पुनः आपराधिक घटना को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
इस मामले में व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने भी ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा को भी धमकी दी थी और जिला प्रशासन के खिलाफ आपत्तिजनक व धमकी भरे संदेश पोस्ट किए थे।
पुलिस ने इस प्रकरण में पांच आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी शेष है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Manoj Goswami