दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला, जिला अध्यक्ष समेत पूरा संगठन भंग

दतिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला, जिला अध्यक्ष समेत पूरा संगठन भंग

दतिया विधानसभा उपचुनाव में 6,016 मतों से मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाते हुए दतिया जिले की पूरी संगठनात्मक इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी ने जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह सहित जिला कार्यकारिणी, सभी मंडल समितियों, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों की इकाइयों को भी पदमुक्त कर दिया है।

यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर उपचुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की अनुशंसाओं के आधार पर की गई है। पार्टी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दतिया में संगठन का व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा और नई कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। मंगलवार को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आवास पर उपचुनाव परिणामों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, चुनाव प्रभारी, मंत्रियों तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हार के कारणों पर विस्तार से चर्चा की। समीक्षा के बाद संगठन में व्यापक बदलाव का निर्णय लिया गया। गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से पराजित किया था। इस हार को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लेते हुए संगठनात्मक जवाबदेही तय की है। अब भाजपा दतिया जिले में नए सिरे से संगठन खड़ा करने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिए पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करेगी।