दतिया: 12 घंटे के चक्का जाम के बाद 27 नामजद व 200 अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं पर एफआईआर

दतिया: 12 घंटे के चक्का जाम के बाद 27 नामजद व 200 अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं पर एफआईआरमनोज गोस्वामी, दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के स्थान पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद हुए उग्र प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना पुलिस ने 27 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। एफआईआर के अनुसार, 10 जुलाई की रात करीब 9 बजे से 11 जुलाई की सुबह 5 बजे तक भाजपा कार्यालय के सामने ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर प्रदर्शनकारियों ने करीब 12 घंटे तक चक्का जाम किया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा और पुलिस के अनुसार शासकीय कार्य में बाधा, पथराव तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुईं। यह विरोध प्रदर्शन डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने और भाजपा द्वारा आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में किया गया था।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 191(2), 191(3), 190, 132, 221, 121(1), 125, 125(2), 324(5), 324(6), 223 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

प्रकरण में नामजद आरोपियों में अंकुर दुबे, राजू रघुवंशी, अनूप यादव, विपिन पाठक, लल्ला रजक, प्रशांत दांगी, अतुल भुरे चौधरी, प्रदीप यादव, भानु ठाकुर, बृजेश दुबे, मान सिंह कुशवाहा, विजय खंडा गुर्जर, आकाश भार्गव, लवकेश गुर्जर, शंकर गुर्जर, अमित परिहार, करण जाटव, सुनील दुबे, अंशुल यादव, कृष्णा दुबे, प्रदीप गुर्जर, अजय रजक, भैय्या दुबे, वीरपाल गुर्जर, नियुत नागर, कमलेश चौबे और जितेंद्र कमरिया सहित लगभग 200 अज्ञात लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और वीडियो फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, टिकट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। इस बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के निर्णय को स्वीकार करते हुए कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में काम करने की अपील की है।