कोरोना की तीसरी लहर से बचाव हेतु मास्क एवं वैक्सीन ढ़ाल एवं तलवार का काम करेगी – श्री धाकड़ प्रभारी मंत्री ने दतिया में तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की

कोरोना की तीसरी लहर से बचाव हेतु मास्क एवं वैक्सीन ढ़ाल एवं तलवार का काम करेगी – श्री धाकड़
प्रभारी मंत्री ने दतिया में तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की

दतिया, 11 दिसम्बर 2021
मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री सुरेश धाकड़ ने शनिवार को दतिया पहुंचकर कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए जिले में की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कोरोना से बचाव हेतु लोगों को मास्क लगाने एवं टीकाकरण की समझाईश दें। जिससे कोरोना वायरस के नवीन वेरियट ओमीक्रान को रोका जा सके।
प्रभारी मंत्री श्री सुरेश धाकड़ शनिवार को शासकीय चिकित्सालय महाविद्यालय दतिया के सभागार में कोरोना वायरस के नवीन वैरियट ओमीक्रान की रोकथाम के संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में भाण्ड़ेर विधायक श्रीमती रक्षा संतराम सिरौनिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमन सिंह राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, दतिया मेडीकल काॅलेज के डीन डाॅ. राजेश गौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आरबी कुरेले, सिविल सर्जन, डाॅ. केसी राठौर, जनप्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं चिकित्सगण आदि उपस्थित थे।
लोक निर्माण राज्यमंत्री श्री धाकड़ ने कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए जिले में की गई व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने में ”मास्क हमारी ढ़ाल एवं वैक्सीन हमारी तलवार बनकर” सुरक्षा करेगी। इसके लिए लोगों को मास्क लगाने एवं लोगों को वैक्सीन लगाने हेतु प्रोत्साहित करना है। इस कार्य में पुलिस विभाग का भी सहयोग ले।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के निर्देशों के अनुरूप सभी जिलों मंे प्रभारी मंत्री भ्रमण कर कोरोना की तीसरी लहर को रोकने हेतु की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेकर समीक्षा कर रहे है। इसी कड़ी में उनके द्वारा भी आज समीक्षा की गई है। उन्होंने जिले में कोरोना की तीसरी लहर को रोकने हेतु की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि हमें लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक एवं सावधानी वरतने की सलाह देनी होगी। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव का एक ही माध्यम है वह है मास्क हम सभी दुकानदारों से अपील कर उनसे आग्रह करें कि किसी भी उपभोक्ता को बिना मास्क के सामग्री न दें। दुकानदार स्वयं भी मास्क अवश्य लगायें और प्रत्येक दुकान पर पर्याप्त मात्रा में मास्क की व्यवस्था रखें जिससे कोई उपभोक्ता मास्क के बिना न रहे। इसके साथ ही सोशल डिस्टेसिंग का पालन एवं सेनेटाईजर का भी विशेष प्रबंध किया जाए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले में स्थित मेडीकल आॅक्सीजन संयंत्रों पर कार्यरत कर्मचारियों एवं आॅपरेटरों के मोबाईल नम्बर भी सार्वजनिक किए जाए जिससे आपात स्थिति में परिजन उनसे सम्पर्क कर सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना की तीसरी लहर को रोकने में उपयोग होने वाले उपकरणों के संबंध में शासन को भेजे गए मांग पत्र की एक प्रति उन्हें उपलब्ध कराई जाए। जिससे शासन स्तर पर चर्चा कर शीघ्र कार्यवाही कराई जा सके। लोक निर्माण राज्यमंत्री ने कहा कि दतिया जिला उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे होने के कारण बाहर से आने वाले लोगों की चैकिंग के साथ-साथ सैम्पलिंग भी कराई जाए।